रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों संग 14वां यूपी महोत्सव शुरु

 यूपी महोत्सव है जन जन का महोत्सव: नीरज बोरा

- आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हुई सांस्कृतिक संध्या 

- विधायक डॉ नीरज बोरा को यूपी गौरव सम्मान से किया गया सम्मानित




लखनऊ(सौम्य भारत)। यूपी महोत्सव जन जन का महोत्सव है। यह बात शुक्रवार को मुख्य अतिथि विधायक डॉ नीरज बोरा ने प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के तत्वावधान में पोस्टल ग्राउण्ड अलीगंज में 14वें यूपी महोत्सव का उद्घाटन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि यूपी महोत्सव में तहजीब, अदब, नजाकत व नफासत के तमाम रंग देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि यूपी महोत्सव में प्रदेश की कई संस्कृति व कला के बिखरे रंगों को देखकर कहा जा सकता हैं कि यूपी महोत्सव ने सभी का दिल जीता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने घर के सामने एक पौधा लगाए। इस अवसर पर प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष एनबी सिंह, प्रिया पाल व पवन पाल ने विधायक डॉ नीरज बोरा को पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया। कोविड प्रोटोकाल के तहत आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में आयोजित यू पी महोत्सव की प्रथम सांस्कृतिक सन्ध्या का शुभारम्भ आस्था सिंह, नाव्या यादव, डिम्पल विरमानी, आस्था पंडित, भूमि पंडित, मुस्कान, सन्ध्या, दीपिका नेगी ने एक दंताय वक्रतुण्डाय पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मन्त्र मुग्ध किया। भक्ति भावना से ओतप्रोत इस प्रस्तुति के उपरान्त अर्चना पटेल, श्रुति शर्मा, सुमन सेठ, चांदनी सिंह, बबिता, कृतिका तिवारी, अनिका, नुपुर गुप्ता व राज दीपिका ने रिदम योगा नृत्य के जरिए लोगों को निरोग रहने के उपाय बताये। इसी क्रम में लोकेश, वेद प्रकाश, अंकित, संदीप शुक्ला, अमोल तिवारी, आदित्य, बजरंगी, सूरज राय और मुकेश तिवारी ने शिव तांडव स्त्रोत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर भगवान शिव शंकर के शांत और रौद्र रूप के दर्शन करवाये।  इस अवसर पर भोजपुरी कवि कृष्णानन्द राय, सीमा गुप्ता मौजूद थीं।