किसान अध्यादेश के खिलाफ सड़क पर उतरी आप, किया प्रदर्शन

लखनऊ(सौम्य भारत)। संसद में पारित हुए किसान अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सोमवार को जीपीओ प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस से झड़प होने लगी। इसके बाद पुलिस ने बलपूर्वक प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर इको गार्डन भेज दिया। प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने किसान अध्यादेश को काला कानून बताया। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की लागत का डेढ़ गुना मूल्य देने, किसानों की आय दोगुनी करने के वादे को पूरा करने में नाकाम मोदी सरकार किसानों को पूँजीपतियों का गुलाम बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि आए दिन आत्महत्या कर रहे किसानों का दुख दर्द सुनने के बजाए, पूरे कृषि क्षेत्र को पूजीपतियों के हवाले करने की साजिश है यह किसान विरोधी बिल। उन्होंने कहा कि देश में सर्वाधिक आबादी वाले उत्तर प्रदेश में किसानों की हालत पहले से ही बदतर है। प्रदेश की योगी सरकार किसानों को खाद बीज बिजली पानी उपलब्ध करवाने में असमर्थ है, न ही गन्ना किसानों के बकाए का भुगतान हो रहा है। प्रदेश का किसान आत्महत्या को मजबूर है। ऐसे समय भी मोदी-योगी सरकार पूंजीपतियों के साथ खड़ी है। प्रदर्शन में प्रदेश महिला अध्यक्ष नीलम यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान लतीफ़, प्रदेश सह प्रभारी नदीम अशरफ जायसी, प्रदेश सचिव विनय पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष सरबजीत सिंह मक्कड़, प्रदेश सचिव अंकुश चौधरी, यूथ विंग के जिला अध्यक्ष ललित कुमार बाल्मीकि, शाहबाज खान, अफरोज आलम, रेहान, शुभम, सागर तिवारी, ललित तिवारी, ईरम शबरेज़, पंकज यादव,, सागर तिवारी, मजीद, मोहमद तकी, अली मुख्य रूप से मौजूद थे।