वोट फ़ॉर ओपीएस अभियान के तहत होगी पेंशन बहाल: विजय बंधु

कश्मीर से कन्याकुमारी से रामलीला मैदान पहुंचे लाखों शिक्षक कर्मचारी



नई दिल्ली व लखनऊ(सौम्य भारत)। पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर देश के हर कोने से शिक्षक व कर्मचारियों का रैला सुबह होते ही रामलीलबमैदान पर पहुँचना शुरू हो गया। दिल्ली की सभी सड़कों पर एनएमओपीएस व अटेवा की टोपी लगाकर  शिक्षक व कर्मचारियों ने अनुशासित ढंग से  दिल्लीवासियों का दिल जीत लिया। इस दौरान कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों के लाखों शिक्षक कर्मचारियों ने एनएमपीएस व निजीकरण भारत छोड़ो, पुरानी पेंशन बहाल करो, अटेवा जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। अलग राज्यों के कर्मचारियों ने अपने अपने अंदाज में सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। तमाम कर्मचारियों ने जो ओपीएस बहाल करेगा। वही देश पर राज करेगा की टी-शर्ट पहन कर पुरानी पेंशन बहाली के नारे लगा रहे थे और सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे थे। रामलीला मैदान की तैयारी दिल्ली एनएमपीएस के संरक्षक डीएन सिंह ने संभाल रखी थी तथा मंच को तैयार करने का काम बखूबी किया। एनएमपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने पेंशन शंखनाद महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब पश्चिम बंगाल, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखण्ड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कर सकते हैं तो विश्व मे आज भारत आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित हो चुका है तो वह अपने कर्मचारियों को पेंशन क्यों नही दे सकता है। अगर सरकार ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल नहीं की तो आने वाले चुनाव में वोट फ़ॉर ओपीएस अभियान चलाकर पुरानी पेंशन बहाल कराएंगे। एनएमपीएस के राष्ट्रीय महासचिव स्थित प्रज्ञ ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली के लिये पूरा देश एकजुट हो गया है। अब देश का शिक्षक व कर्मचारी जाग गया है वह पेंशन लेकर ही रहेगा। चाहे उसके लिये उसे कुछ भी करना पड़े।रैली का सफल संचालन एनएमपीएस के राष्ट्रीय सचिव डॉ नीरजपति त्रिपाठी ने किया। एनएमपीएस हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चुनाव में पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दा लोगों के सर चढ़ कर बोल रहा था हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक नागरिक ने पुरानी पेंशन बहाल कराने की शपथ ली थी और उन्होंने अपनी शपथ पूरी की। राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष कोजाराम सियाग ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुरानी पेंशन बहाल कर पूरे देश में एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है। हरियाणा पेंशन बहाली संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजेंद्र धारीवाल ने कहा कि पुरानी पेंशन जीवन मरण का प्रश्न है इसलिए हरियाणा में होने वाले चुनाव में कर्मचारी पुरानी पेंशन को मुद्दा बनाएगा। उड़ीसा के सुशांत पांडा ने कहा दिल्ली में पूरे देश के कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली के लिये जो एकजुटता दिखाई है इसी एकजुटता से पुरानी पेंशन बहाल होगी। पंजाब से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखजीत सिंह ने कहा कि आज रामलीला मैदान  पर उमड़ी भीड़ प्रधानमंत्री जी को पुरानी पेंशन बहाल करने पर मजबूर कर देगी। दिल्ली जीएसटीए महासचिव अजयवीर यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली में दिल्ली ने हमेशा बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया है और पुरानी पेंशन के लिये भारत सरकार पर पूरा दबाव बनाकर पेंशन बहाल कराएगा। स्वास्थ्य महासंघ के अशोक कुमार ने कहा कि अटेवा / एनएमपीएस

 ने देश के राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल करवाकर सराहनीय कार्य किया है। अटेवा/

एनएमपीएस के कारण ही आज पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दा चुनावी मुद्दा बन गया है। सिक्किम के प्रदेश अध्यक्ष पेमा खांडू ने कहा कि सिक्किम के मुख्यमंत्री ने अभी हाल ही पुरानी पेंशन बहाली पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए कहा कि हम अपने राज्य में पुरानी पेंशन बहाल करेंगे। बिहार के प्रदेश अध्यक्ष वरुण पांडेय ने कहा कि एनएमपीएस द्वारा बिहार से शुरू की गई एनपीएस निजीकरण भारत छोड़ो यात्रा का असर बिहार सरकार पर इतना पड़ा है कि अभी हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन पर अपना रुख सकारात्मक दिखाया है। रेलवे फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस के अमरीक सिंह ने कहा कि रेलवे का कर्मचारी अब पुरानी पेंशन बहाल करा कर ही दम लेगा। उप्रलेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष राममूरत यादव ने कहा कि आजादी से पहले अंग्रेजी सरकार भी अपने मुलाजिमों को पेंशन देती थी और आजादी के बाद हमारी पेंशन छिन गयी। स्वास्थ्य बमहासंघ के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार ने कहा कि पेंशन हर शिक्षक व कर्मचारी का अधिकार है हम इसे लेकर रहेंगे। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और कर्नाटक इकाई के शांताराम तेजा ने कहा कि कर्नाटक में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर ही सरकार बदली है।राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ राजेश कुमार ने कहा कि आज पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे ने पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरो दिया है। पेंशन शंखनाद रैली को समर्थन देने के लिट् सुबह से ही विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं का तांता लगा रहा। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा,भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सांसद संदीप दीक्षित, दिल्ली से विधायक अरविन्दर सिंह लवली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस अजय कुमार लल्लू , सपा उप्र से एमएलसी लाल बिहारी यादव, डॉ मान सिंह यादव, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, बसपा से लोकसभा सांसद श्याम सिंह यादव, महाराष्ट्र जूनी पेंशन के एमएलसी सुधाकर अड़वाले, भारतीय किसान यूनियन के राकेश सिंह टिकैत ने रैली को  संबोधित कर पुरानी पेंशन बहाली का समर्थन किया और सभी ने एक सुर में कहा कि जैसे ही हमारी सरकार बनेगी हम पुरानी पेंशन बहाल करेंगे।