सामान्य लोगों से विकलांगजनों को रहती है उम्मीद : ओम सिंह



रसूलपुर में विश्व दिव्यांग दिवस पर सिलाई मशीन व सेनेटरी नेपकीन वितरण

लखनऊ(सौम्य भारत)। चैतन्य वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में शुक्रवार को कपासी गांव रसूलपुर में विश्व दिव्यांग दिवस पर सिलाई मशीन व सेनेटरी नेपकीन वितरण किया गया। इस दौरान फाउंडेशन की अध्यक्ष ओम सिंह ने कहा कि अच्छी सेहत व सम्मान पाने के साथ साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए सामान्य लोगों से विकलांगजनों को उम्मीद रहती है। लेकिन आमतौर पर समाज में लोग उनकी सभी ज़रुरतों को नहीं जानते हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी आँकड़ों के अनुसार ऐसा पाया गया है कि लगभग पूरी दुनिया के 15 फीसद लोग विकलांग हैं। इसलिए विकलांगजनों की वास्तविक स्थिति के बारे में लोगों को जागरुक करने के लिए इस उत्सव को मनाना बहुत आवश्यक है। विकलांगजन विश्व की सबसे बड़ी अल्पसंख्यक के तहत आते हैं और उनके लिए उचित संसाधनों व अधिकारों की कमी के कारण जीवन के सभी पहलुओं में ढ़ेर सारी बाधाओं का सामना करते हैं। इस दौरान उन्होंने एक दिव्यांग महिला को ऊषा सिलाई मशीन व अन्य दिव्यांग महिलाओं को सैनिटरी नैपकिंस का वितरण किया। इस दौरान दिवाकर अवस्थी, प्रदीप पात्रा, ऊषा किरण, प्रिया सिंह, मनोज सिंह चौहान मौजूद थे।