270 किलोमीटर की दूरी तय करेगा एनसीसी के नौसेना कैडेट्स



लखनऊ(सौम्य भारत)। एन.सी.सी. निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर एन.सी.सी ग्रुप मुख्यालय के तत्वाधान में मंगलवार को नौकायान का आयोजन किया गया। इस दौरान 3 यू.पी. नौसेना इकाई एन.सी.सी द्वारा कानपुर (धोरी घाट) से प्रयागराज (सरस्वती घाट) तक गंगा नदी पर अभियान चलाया गया। यह अभियान छह जिलों कानपुर, उन्नाव, फतेहपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़ तथा प्रयागराज से होकर गुजरते हुए नदी मार्ग से लगभग 270 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। इसमें नदी के बहाव, मौसम और तेज हवाओं की अनिश्चितता के बीच इस बेहद चुनौतीपूर्ण अभियान में 35 लड़के तथा 25 लड़कियों सहित कुल 60 एन.सी.सी  कैडेट भाग ले रहे हैं। अभियान में दो डी के व्हेलर्स बोट (भारतीय नौसेना द्वारा प्रयुक्त), एक असाॅल्ट बोट तथा दो बचाव नौकाएं प्रयोग में लाई जाएँगी। इस अभियान को एन.सी.सी ग्रुप मुख्यालय, लखनऊ के ग्रुप कमाण्डर ब्रिगेडियर रवि कपूर द्वारा दिनांक 18 अक्टूबर 2021 को दोपहर 12 बजे धोरी घाट, कानपुर से झंडा दिखाकर रवाना किया गया। एन.सी.सी कैडेटों की इस प्रकार की साहसिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्रुप कमाण्डर द्वारा कैडेटों को इस अद्वितीय एवं चुनौतीपूर्ण अभियान के लिए भरपूर सहयोग प्रदान किया गया है। विगत वर्षों में, इस तरह के नौकायन अभियान प्रयागराज से वाराणसी तक आयोजित होते रहे हैं। हालांकि इस वर्ष यह पहली बार है कि लखनऊ एन.सी.सी के कैडेटों को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम के रूप में कानपुर से प्रयागराज तक अभियान आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में उपस्थित ग्रुप कमाण्डर नें अभियान दल के समर्पण भरे प्रयासों की सराहना की तथा कैडेटों को सुरक्षित एवं सफल अभियान के लिए शुभकामनाएं दी। नदी पर नौकायन एवं नाव खींचने के लिए कैडेटों में अत्यधिक बल, सहनशक्ति एवं प्रतिबद्धता के साथ-साथ विशेष नाविक एवं परिचालन कौशल की आवश्यकता होती है। अभियान की तैयारी को ध्यान में रखते हुए सभी प्रतिभागी कैडेट पिछले दो महीनों से गोमती नदी पर अभ्यास कर रहे हैं तथा सितम्बर माह में अभियान की तैयारी हेतु एक विशेष शिविर भी आयोजित किया गया था। अभियान में 3 (यू.पी.) नेवल यूनिट एन.सी.सी के कमांडिंग अधिकारी कैप्टन (भारतीय नौसेना) नवेंदु सक्सेना के नेतृत्व में निरीक्षण एवं सहायक दल के रूप में कार्यकारी अधिकारी ले0कमाण्डर अश्वनी सिंह, एक सहयोगी एन.सी.सी अधिकारी, 10 नाविक (पी.आई स्टाफ) तथा 3 यू.पी. नेवल यूनिट एन.सी.सी के प्रशिक्षित राज्यकर्मचारी भी हिस्सा लेे रहे हैं। अभियान का समापन समारोह 27 अक्टूबर को प्रयागराज के सरस्वती घाट में आयोजित किया जायेगा।