पदोन्नति न होने से कृषिकर्मियों ने दी आंदोलन की धमकी

लखनऊ(सौम्य भारत)। अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राधारमण मिश्रा ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस दौरान निर्णय लिया है कि अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के ग्रुप सी से ग्रुप बी के लिए सभी अहर्ताएं पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समय से पदोन्नति के लिए कई बार आदेश भी जारी किया गया। इसके बावजूद कृषि विभाग के अधिकारियों को जूं तक नहीं रेंग रही है।

प्रांतीय महामंत्री अंबा प्रकाश शर्मा ने बताया कि बार बार मुख्यालय प्रशासन आश्वाशन देता है फिर भी कोई रिजल्ट नही मिलता। प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रवेश कुमार ने बताया कि अगर कोई ठोस परिणाम जल्द से जल्द नहीं निकला तो कृषि भवन का घेराव किया जाएगा और जब तक पदोन्नति का कोई आदेश पारित नहीं होता कृषि भवन को घेरे रहेंगे।

प्रांतीय कोषाध्यक्ष फईम अख्तर द्वारा बताया गया कि कृषि विभाग में वेतन विसंगति लंबे समय से लंबित है, जिसमें कृषि स्नातक होने के बावजूद कृषि कर्मचारियों को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुसार वेतन नहीं मिल रहा है ग्रुप बी तथा ए को आमेलित करते हुए वरिष्ठ प्राविधिक सहायक को 4800 तथा प्राविधिक सहायक को 4200 ग्रेड पे दिया जाय।