अटेवा ने एनपीएस की जलाई प्रतियां, मनाया काला दिवस

 - शिक्षकों व कर्मचारियों ने जलाया एनपीएस की प्रतियां


 

लखनऊ(सौम्य भारत)। अटेवा पेंशन बचाओ मंच के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु  के आह्वान पर बृहस्पतिवार प्रदेश में काली पट्टी बांधकर शिक्षकों व कर्मचारियों ने काला दिवस मनाया। इस दौरान कर्मचारियों व शिक्षकों ने अपने कार्यस्थल पर काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाने के साथ साथ एनपीएस की प्रतियां जलाई।प्रदेश अध्यक्ष विजय बंधु ने कहा कि इस काले कानून ने कर्मचारियों की बुढ़ापे की लाठी को छीन लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का 13 लाख कर्मचारी पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त हो जाने से अपने को ठगा महसूस कर रहा है। प्रदेश महामंत्री डॉ नीरजपति त्रिपाठी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों की बुढ़ापे की लाठी है इसे छीनकर कर सरकार ने कर्मचारियों का अहित किया है। प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ राजेश कुमार ने बताया कि आज ही के दिन यह काला कानून बनाकर कर्मचारियों, शिक्षको, अधिकारियों की पुरानी पेंशन को छीन लिया गया । पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त हो जाने से एनपीएस में रिटायर होने वाले कर्मचारी व शिक्षक दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। डॉ राजेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल राज्य आज भी अपने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दे रहा है। कोरोना काल मे इन्हीं सरकारी कर्मचारियों, पुलिस के जवानों, डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ ने जान पर खेलकर देशवासियों की सेवा व सुरक्षा की और यही रिटायर होने के बाद दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर होंगे।