शुरू हुई फातिमा हॉस्पिटल की ओपीडी, मरीजों की लगी लम्बी कतार

लखनऊ(सौम्य भारत)। फातिमा हॉस्पिटल, महानगर में मरीजों की भर्ती व ओपीडी शुरू हो गई है। 23 जून से चल रही ओपीडी में रोजाना करीब 150 मरीजों को देखा जा रहा है। इस दौरान इमरजेंसी में पहुंचे 10 मरीजों का ऑपरेशन भी किया गया। फातिमा में चार नर्स व एक सफाई कर्मी के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर मरीजों की भर्ती पर रोक लगाई गई थी और हॉस्पिटल को भी बंद कर दिया गया था। हॉस्पिटल के पूरे परिसर का सैनिटाइजेशन के बाद 23 जून से दोबारा मरीजों की भर्ती शुरू हो गई है। हॉस्पिटल में सिस्टर ब्लेसी ने बताया कि ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों व अन्य स्टाफ को संपूर्ण पीपीई किट, गाउन, मास्क, कैप, गॉगल्स, फेस शील्ड व दास्ताने का उपयोग कर रहे हैं। वही हॉस्पिटल आने वाले सभी मरीजों को कोरोना वायरस सन्दिग्ध मानकर इलाज किया जा रहा है। भर्ती व आपरेशन वाले मरीजों की पहले कोरोना जांच कराई जाती है, रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही इलाज शुरू किया जाता है। एडमिन इंचार्ज सिस्टर ब्लेसी ने बताया करोना से बचने के लिए हर तरीके की सुरक्षा का इंतजाम किया गया है पहले की तरह फिर से ओपीडी चालू कर दी गई हैं।