अन्नदाताओं के पक्ष में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किया जाए- प्रसपा प्रमुख

लखनऊ(सौम्य भारत)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा है कि,'यह दुखद है कि सरकार द्वारा रबी फसलों की कटाई में इस्तेमाल होने वाले कम्बाईन, हारवेस्टर समेत दूसरे उपकरणों व कृषक मजदूरों को लॉक डाउन से छूट दिए जाने के बावजूद प्रदेश में गेहूं की कटाई कर रहे किसानों को परेशान किया जा रहा है। यह गंभीर मामला है। मेरा आग्रह है कि किसानों को शोषण से बचाने हेतु राज्य सरकार द्वारा  उपरोक्त संदर्भ में स्पष्ट दिशा निर्देश जारी किए जाएं। यह बातें उन्होंने ट्वीट कर कहीं। उन्होंने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि कहीं कहीं पुलिस द्वारा अन्नदाताओं की निर्मम पिटाई भी की गई है। ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य सरकार के निर्णय को स्थानीय प्रशासन द्वारा लागू नहीं किया जा रहा है। शिवपाल यादव ने कहा कि, 'रबी की फसल खेतों में तैयार खड़ी है। सैकड़ों किसानों की आजीविका ख़तरे में है। देश के अन्नदाता आज इस संकट की घड़ी में मौसम के साथ ही इस वैश्विक आपदा की दोहरी मार झेल रहे हैं।