शिक्षित समर्थ व सशक्त बनें बेटियां : राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल

- राज्यपाल ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर में रूसा द्वारा निर्मित लाइब्रेरी आटोमेशन का किया लोकार्पण
लखनऊ(सौम्य भारत)। शिक्षित समर्थ व सशक्त बनें बेटियां। यह बात शुक्रवार को अलीगंज स्थित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह पर मुख्य अतिथि राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्पत्ति में पर्याप्त भागेदारी मिलनी चाहिए। जब उनके पास धन सम्पत्ति होगी तो वह विपरीत परिस्थितियों का सामना कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि गुजरात की मुख्यमंत्री रहते हुए मैंने सम्पत्ति की खरीद पर महिलाओं के लिए स्टाम्प ड्यूटी मुक्त किया था। छात्राओं के स्वास्थ्य के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी नियमित जांच होनी चाहिए, जिससे उनका हीमोग्लोबिन मानक के अनुरूप बना रहे। इस दौरान उन्होंने सभी कुलपतियों को निर्देशित किया गया है कि वे कम से कम पांच गांव तथा महाविद्यालयों के प्राचार्य कम से कम एक गांव गोद लेकर जरूरत मंदों की मदद करें। इस दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनुराधा तिवारी ने कहा कि महाविद्यालय तीसरी बार नैक कराने की दिशा में अग्रसर है तथा ए-ग्रेड पाने के प्रति आशान्वित है। प्रतिभा सम्मान समारोह में वन्दना सिंह, पूनम कश्यप, अपूर्वा लोहुमी, आयुषि मिश्रा, अमृता सिंह, हर्षिता यादव, निशा वर्मा, सोनी यादव, ममता वर्मा, तान्या सिंह, सरिता यादव, वर्षा द्विवेदी, रंजना रावत, मिताली सिंह , श्रुति शुक्ला, रुकैया फातिमा, मानसी सिंह व सायमा बानो को राज्यपाल ने प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके बाद राज्यपाल ने रूसा द्वारा निर्मित लाइब्रेरी आटोमेशन का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो आलोक कुमार राय, आईआईएम के प्रो बीके मोहन्ती, प्रो विजय कर्ण, डाॅ. मनोरमा सिंह,  अरुण मोहन सेरी, डाॅ मंजु दीक्षित, प्रो भारती सिंह  मौजूद थीं।