धरती को हरा-भरा रखने के लिए बच्चों ने लिया संकल्प


लखनऊ(सौम्य भारत)। जानकीपुरम स्थित डा आईडी रस्तोगी स्कूल में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया, जिसमें नन्हें बच्चों ने अध्यापकों एवं माली की मदद से अनेकों मौसमी पौधे लगाए। बच्चों ने यह भी जाना की पौधे को किस तरह रोपा जाता है और पेड़ बनने के लिए रोपे गए पौधे की रखवाली-निगरानी कैसे कब तक की जानी चाहिए। इस अवसर पर काॅलेज प्रबंधक डा आईडी रस्तोगी ने कहा कि पेड़-पौधों से प्राणवायु (ऑक्सीजन), छाया, फल-फूल, जड़ी-बूटी के रूप में दवा, कागज बनाने के लिए लकड़ी मिलती है। इसीलिए अधिक से अधिक पेड़-पौधों का होना बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों के कम हो जाने के कारण ही विभिन्न तरह की बीमारी में विस्तार हो रहा है और आदमी का स्वास्थ्य पहले के मुकाबले कमजोर होता जा रहा है। पेड़-पौधे केवल आदमी के लिए ही नहीं, अन्य जानवरों और कीट-पतंगों के लिए भी लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए सभी बच्चे अपने जन्म दिवस पर एक-एक पौध जरुर लगाएं। इस दौरान प्रधानाध्यापक जितेन्द्र साहू, रेखा ओझा, शिखा टंडन, सरिता त्रिपाठी, शैलेन्द्र सिंह व रविन्द्र पाल मौजूद थे।