डंके की चोट पर कह रहा हूं नहीं वापस होगा सीएए: अमित शाह


- सीएए को लेकर देश में भ्रम फैलाकर आगजनी और दंगा कराया जा रहा है
- तीन महीने में अयोध्या में आसमान छूने वाला प्रभु श्रीराम का मंदिर बनने वाला है
लखनऊ (सौम्य भारत)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि मैं डंके की चोट पर कह रहा हूं कि जिसको विरोध करना है करे, नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) वापस नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि मैं वोट बैंक के लोभी, आंख के अंधे और कान के बहरे नेताओं से कहना चाहता हूं कि आप शरणार्थी कैम्प में जाइए, कल तक जो सौ-सौ हेक्टेयर के मालिक थे। आज वे एक छोटी सी झोपड़ी में परिवार के साथ भीख मांगकर गुजारा कर रहे हैं।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सीएए  के समर्थन में राजधानी के बंगला बाजार इलाके के रामकथा पार्क में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की क्षेत्रीय रैली को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल बाबा एंड कंपनी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, मायावती, कम्युनिस्ट पार्टी और सारी की सारी बिग्रेड सीएए के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सीएए को लेकर देश में भ्रम फैलाया जा रहा है। दंगे कराए जा रहे हैं, आगजनी की जा रही है, यह धरना-प्रदर्शन, यह विरोध, यह भ्रांति सपा-बसपा, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस फैला रही है। इसमें किसी की नागरिकता छीनने का कोई प्रावधान नहीं है। इस कानून में नागरिकता देने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि भाजपा की तरफ से चलाया जा रहा यह ‘जन जागरण अभियान’ भ्रम फैलाकर देश को तोड़ने की साजिश कर रहे लोगों के खिलाफ जन जागृति का अभियान है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत के विभाजन के बाद पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में करोड़ों की संख्या में हिंदू, सिख, ईसाई,  जैन,  बौद्ध और पारसी वहां रह गए। मैंने उनके दर्द को सुना है। महात्मा गांधी की जयंती के दिन हजारों माताओं-बहनों से सामूहिक बलात्कार किया जाता है,  उनको जबरन निकाह पढ़ाया जाता है। हजारों की संख्या में मंदिर-गुरुद्वारे तोड़े जाते हैं। अफगानिस्तान के अंदर आसमान को छूने वाली भगवान बुद्ध की मूर्ति को तोप के गोले से जीर्णशीर्ण कर दिया गया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस जब तक सत्ता में थी, तब तक अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर नहीं बनने दिया। कोर्ट में कपिल सिब्बल खड़े होकर केस में अड़ंगा लगाते थे। मोदी सरकार बनने के बाद सुप्रीम कोर्ट में केस तेजी से चला। अब तीन महीने में अयोध्या में आसमान छूने वाला प्रभु श्रीराम का मंदिर बनने वाला है।