शहीदों के परिजनों के सुख-दुख में खड़ा रहेगा केरिपुबल: महानिदेशक


केरिपुबल परिसर वीर नारी आवास का शिलान्यास
लखनऊ(सौम्य भारत)। बिजनौर स्थित केरिपुबल परिसर में रविवार को केरिपुबल के महानिदेशक राजीव राय भटनागर ने शहीद कार्मिकों के परिवारजनों के लिए वीर नारी आवास के 24 आवासों का भूमिपूजन व आधारशिला रखी। समारोह में पेट्रोनेट एलएनजी के एमडी व सीईओ प्रभात कुमार ने कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा में हमेशा तत्पर रहते हैं और परिवार के मुखिया के अकस्मात चले जाने पर परिवार के ऊपर भारी विपदा आ जाती है। ऐसी स्थिति में  उस खालीपन को भरने के लिए केन्द्र सरकार के प्रयास से हम भी शहीदों के परिवारजनों के लिए कुछ सहयोग किया जा रहा है।
केरिपुबल के महानिदेशक ने कहा कि हमारे जवान देश की आंतरिक सुरक्षा में सदैव मुस्तैद रहते हैं। इस दौरान उन्होंने केरिपुबल के शहीद जवानों व उनके परिवारजनों को भी नमन किया। इस दौरान उन्होंने शहीदों के परिजनों को आश्वासन दिया कि केरिपुबल सदैव उनके हर सुख-दुख में साथ खड़ा रहेगा। इस मौके पर वीर शहीदों के परिवारजनों को महानिदेशक ने अंगवस्त्र व शाल देकर सम्मानित भी किया गया। समारोह में मध्य सेक्टर के महानिरीक्षक सुभाष चन्द्र, उप महानिरीक्षक टी.एन. खुन्टिया व केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एस के शर्मा मौजूद थे।