सातवें वेतनमान के लिए जल निगम कर्मियों का जीपीओ पर प्रदर्शन


लखनऊ(सौम्य भारत)। सातवें वेतनमान के लिए जल निगम कर्मियों ने उत्तर प्रदेश जल निगम समन्वय समिति के बैनर तले शुक्रवार को हजरतगंज स्थित जीपीओ गांधी प्रतिमा पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान अपर नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि जल्द से जल्द हमारी मांगे पूरी नहीं की गईं तो आने वाले दिनों में कर्मचारियों को आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
कर्मचारियों ने कहा कि निगम में कार्यरत कर्मियों को दो माह का विशेष वेतन प्रदान किया जाए। सातवां वेतनमान 1.1.2016 से लागू किया जाए। जल निगम की वर्तमान आर्थिक स्थिति कार्यभार एवं कार्मिक नीति के संबंध में श्वेत पत्र निर्गमन किया जाए। उत्तर प्रदेश जल निगम में लंबित अनुकंपा नियुक्तियां अभिलंब की जाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि विभिन्न सेवा संवर्ग वेतनमान जलनिगम प्रशासन द्वारा आगामी बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्ताव को तत्काल वापस लिया जाए। प्रदेश की जनता को साफ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। संशोधित जल निगम एक्ट में दी गई व्यवस्था के विपरीत एक ही सेवा के एमडी की तैनाती समाप्त की जाए तथा इंजीनियर एमडी तैनात किया जाए। जल निगम में समस्त संविदा नियुक्तियां समाप्त की जाए साथ ही सेवानिवृत्त जल निगम कर्मियों को सेवारत कर्मियों की भांति 154% महंगाई राहत दिया जाए। इस दौरान शैलेंद्र दूबे आल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन के अध्यक्ष, सुरजीत सिंह निरंजन उत्तर प्रदेश इंजिनियर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एए फारूक, क़ायम राजा रिज़वी, एच एन पांडेय, आशीष कुमार यादव, डीपी मिश्रा, आरएस शुक्ल, आरपी सिन्हा व वाईएन उपाध्याय मौजूद थे।