कांग्रेसियों ने विधानसभा के सामने प्याज बेचकर किया प्रदर्शन

- विधान भवन के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 40 रुपए किलो प्याज बेची
लखनऊ(सौम्य भारत) प्याज के बढ़ते दाम के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सुबह विधानभवन के सामने प्रदर्शन किया और विरोध में 40 रुपए किलो की दर से प्याज बेची।
कांग्रेस नेता शैलेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्याज का ठेला लेकर विधानभवन के सामने पहुंच कर 40 रुपए किलो के हिसाब से प्याज बेची। इस दौरान सस्ती कीमत पर प्याज बिकने की बात सुनते ही वहां से गुजर रहे राहगीर बड़ी संख्या में प्याज खरीदने के लिए पहुंचने लगे। देखते ही देखते काफी मात्रा में प्याज बिक गई। शैलेन्द्र तिवारी ने बताया कि भाजपा सरकार जनता के हित में बातें तो बड़ी- बड़ी करती है, लेकिन आम- जन की परेशानी से उसे कोई लेना- देना नहीं है। प्याज के दाम मानों आसमान छू रहे हैं। सरकार कुछ नहीं कर रही है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मंहगाई के बोझ तले जनता दबी जा रही है। प्याज के दाम 80 रुपए किलो तक पहुंच गए है पर सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। बढ़ती मंगहाई के कारण आम आदमी को दो वक्त का खाना मिलना मुश्किल होता जा रहा है। सरकार की योजनाएं कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने तक ही सीमित होती जा रही है। इस दौरान आलोक रैकवार, संजय सिंह, प्रमोद, सलमान, कमलेश व सचिन मिश्र मौजूद थे